दूध, दही और पनीर की गुणवत्ता पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त निगरानी, 30 सैंपल लिए जाएंगे

कालपी (जालौन)। सावन माह, बरसात के मौसम और आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत जनपद जालौन में दूध, दही, पनीर सहित अन्य डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए 31 अगस्त तक विशेष सैंपलिंग अभियान चलाया जाएगा।

सहायक आयुक्त (खाद्य) वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से 30 खाद्य नमूने एकत्र किए जाएंगे। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और शुद्धता की जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की डेयरियों, मिठाई की दुकानों, डेयरी उत्पाद विक्रेताओं तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। विशेष रूप से दूध, दही, पनीर, खोया और अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूनों की जांच कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की ही बिक्री करें। यदि जांच के दौरान किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *