राजकीय आईटीआई उरई में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 977 अभ्यर्थियों में 546 का हुआ चयन

उरई/जालौन | संवाददाता

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उरई एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, जालौन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को राजकीय आईटीआई उरई परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में जनपद सहित अन्य राज्यों की प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रविन्द्र कुमार, प्रतिनिधि सदर विधायक, ने फीता काटकर तथा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि आर.पी. निरंजन, प्रतिनिधि विधान परिषद सदस्य, बिपिन शिवहरे (ध्रुव), जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल तथा मनोज बुधौलिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल भी उपस्थित रहे।

रोजगार मेले में लगभग 977 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 546 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। मेले में हायर एप्लायंसेस प्रा. लि., मदरसन, गेट्स इंडिया, प्रथम एजुकेशन, जेबीएम, टेक्नो इंडस्ट्रीज, वर्धमान, एसआरएफ, पहाड़पुर कूलिंग टॉवर्स, लावा इंटरनेशनल, कॉल्विन मैनेजमेंट सॉल्यूशंस, प्रास इंटरप्राइजेज, अवनिका हेल्थकेयर, एलआईसी उरई, सुजुकी/साटा विकास इंडिया प्रा. लि. तथा एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस सहित लगभग 16 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और अभ्यर्थियों का उनकी योग्यता के अनुसार चयन किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्थान के प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि रविन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बाद उद्योगों में कार्य करते हुए ही वास्तविक व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई भी नौकरी छोटी या बड़ी नहीं होती, बल्कि करियर की शुरुआत करना सबसे महत्वपूर्ण है। निरंतर मेहनत और लगन से युवा ऊँचे पदों तक पहुँच सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि आर.पी. निरंजन ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान एवं तकनीक का युग है, जहाँ डिग्री के साथ-साथ कौशल (स्किल) का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आईटीआई युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप तकनीकी कौशल प्रदान करती है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर नोडल प्रधानाचार्य मान सिंह भारती ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, उद्योग प्रतिनिधियों, पत्रकारों, प्रशिक्षकों एवं अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त किया।

रोजगार मेले के सफल आयोजन में आईटीआई एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *