सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से कराएं पालन, उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय

उरई/जालौन | संवाददाता

जनपद जालौन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग, पुलिस एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के साथ-साथ आमजन को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने सभी अवैध कटों को तत्काल चिन्हित कर बंद कराया जाए। यदि कोई व्यक्ति दोबारा अवैध रूप से कट खोलता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कट सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं, इसलिए इस मामले में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अधिकारियों तथा लोक निर्माण विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर सड़कों के किनारे बालू, ईंट, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री रखकर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सामग्री जब्त कर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब या निष्क्रिय अवस्था में खड़े वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। इसके अलावा नगर निकायों को शहर में लगे अवैध होर्डिंग, बैनर एवं अन्य विज्ञापन सामग्री हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर लगे अवैध होर्डिंग यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं, इसलिए संबंधित व्यक्तियों से जुर्माना भी वसूला जाए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के सभी 34 वार्डों के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए मार्ग प्रकाश व्यवस्था, नाला सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ निर्वहन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद, क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अमित सक्सेना, महेन्द्र सिंह, एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *