उरई/जालौन | संवाददाता
पुलिस अधीक्षक जालौन ने गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनके शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का पारदर्शी एवं विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित कर आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत बनाया जाए।