कानपुर देहात | संवाददाता
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” थीम के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में 16 से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले ‘भूजल सप्ताह’ के सफल आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भूजल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा सप्ताहभर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि भूजल संरक्षण वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता और जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि 16 से 22 जुलाई तक भूजल सप्ताह के दौरान जनजागरूकता रैली, संगोष्ठी, गोष्ठी, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, ग्राम पंचायतों में चौपाल, जल संरक्षण विषयक जागरूकता अभियान, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) के प्रति जागरूकता, जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण तथा पौधरोपण जैसे कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों एवं अन्य सार्वजनिक परिसरों में वर्षा जल संचयन प्रणाली को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही जल के विवेकपूर्ण उपयोग एवं भूजल दोहन में कमी लाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूजल संरक्षण से संबंधित सभी गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रत्येक कार्यक्रम के फोटो, वीडियो एवं प्रगति विवरण समय पर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि भूजल सप्ताह के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों की प्रभावी निगरानी की जाए तथा शासन को निर्धारित प्रारूप में समयबद्ध आख्या प्रेषित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जयगोविन्द, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जीएम डीआईसी, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।