रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

कानपुर देहात | संवाददाता

जनपद कानपुर देहात में छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति सक्षम एवं आत्मविश्वासी बनाने के उद्देश्य से संचालित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षकों के चयन, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रभावी अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सुरक्षित बनाना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षकों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए प्रत्येक छात्रा तक गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण किया जाए, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनी रहे और छात्राओं को आत्मरक्षा के सभी आवश्यक कौशल व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर मिल सके।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक परिणाम प्राप्त हो सकें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सिकंदरा, जिला समन्वयक (जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *