मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को किया गया जागरूक, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी

कानपुर देहात | संवाददाता

जनपद कानपुर देहात में मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 तथा 1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। इसके अलावा POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना तथा समाज में सुरक्षित वातावरण स्थापित करना है। पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस एवं हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर सकें।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें और सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *