वृक्षारोपण महाअभियान-2026: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कानपुर देहात पुलिस लगाएगी 11,340 पौधे

संवाददाता | कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम के अंतर्गत 12 जुलाई 2026 को ‘वृक्षारोपण महाअभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महाअभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जलवायु संतुलन तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।

इसी क्रम में प्रदेश सरकार के “हरित प्रदेश–स्वच्छ प्रदेश” संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री आलोक प्रसाद ने पुलिस लाइन, कानपुर देहात परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।

अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में 900 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी पौधे लगाए। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया गया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से मातृ सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर श्री संजय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री विनय कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री प्रेमचन्द्र शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

महाअभियान के अंतर्गत कानपुर देहात पुलिस द्वारा जनपद के सभी पुलिस सर्किलों, थाना एवं चौकी परिसरों, पुलिस कार्यालयों, विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन तथा पुलिस आवासीय परिसरों में कुल 11,340 पौधों का रोपण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, भू-जल संरक्षण तथा स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रभावी योगदान सुनिश्चित किया जाएगा।

कानपुर देहात पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लें। जनसहभागिता से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित पर्यावरण का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *