संवाददाता | कानपुर देहात
श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फर्जी अथवा दोषपूर्ण नम्बर प्लेट तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की सघन जांच की गई।
इसी क्रम में दिनांक 11 जुलाई 2026 को रात्रि 08:00 बजे से 11:00 बजे तक यातायात पुलिस, थाना पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न एवं नम्बर प्लेट की जांच की गई तथा ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की गई।
अभियान के दौरान की गई कार्रवाई
- कुल 106 वाहनों का चालान किया गया।
- विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कुल ₹10,90,000 (दस लाख नब्बे हजार रुपये) का शमन शुल्क आरोपित कर विधिक कार्रवाई की गई।
- मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नम्बर प्लेट तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में ऐसे विशेष एवं आकस्मिक अभियान आगे भी लगातार संचालित किए जाते रहेंगे।
जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सभी यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें।