संवाददाता | कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 12 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं पुलिस सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का उपयोग करने के बारे में भी जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों की जानकारी भी प्रदान की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें। जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।