संवाददाता | मथुरा
मथुरा। मथुरा की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान गुंबद का एक हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। घटना उस समय हुई जब बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर रहे थे। हालांकि समय रहते लोग सतर्क हो गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुंबद का एक हिस्सा अचानक नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मस्जिद परिसर में मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन लोगों ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाल लिया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और मस्जिद का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रभावित हिस्से को घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। प्रशासन ने भवन की तकनीकी जांच कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जांच और मरम्मत कार्य पूरा होने तक सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। साथ ही आश्वासन दिया गया है कि मस्जिद की संरचना का परीक्षण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।