संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जय गोविन्द की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार, कानपुर देहात में एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर का शुभारम्भ किया गया। शिविर का उद्देश्य बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने तथा एचपीवी टीकाकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला सहित उपस्थित अधिकारियों ने एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीका बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, टीकाकरण से जुड़ी आवश्यक जानकारी तथा सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने भी जनसामान्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराकर उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य प्रदान करने में सभी का सहयोग आवश्यक है।