स्कूल चलो अभियान को मिला नया उत्साह, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

उरई/जालौन | संवाददाता

विद्यालय से बाहर रह गए 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत कोंच स्थित मंडपम परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह एवं चेयरमैन प्रदीप गुप्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे तथा सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों का विद्यालय से जुड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपने आसपास विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों की पहचान कर उन्हें स्कूल तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नव नामांकित नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कर नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

रैली में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *