कानपुर देहात | संवाददाता
जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडे ने बताया कि रबी सत्र 2026-27 के लिए अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनीकिट प्राप्त करने हेतु प्रथम चरण की ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ हो गई है। किसान कृषि विभाग की योजना का लाभ उठाने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण एवं बुकिंग अवश्य कराएं।
उन्होंने बताया कि किसान कृषि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय अथवा राजकीय कृषि बीज भंडार में कार्यालय समय के दौरान पहुंचकर भी बुकिंग कराई जा सकती है।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार तोरिया बीज की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 16 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
वहीं दलहनी फसलों (चना, मटर एवं मसूर) के बीजों की बुकिंग 10 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी, जिसकी अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 रहेगी। इसके अलावा गेहूं एवं जौ के बीजों की बुकिंग भी 10 जुलाई 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि द्वितीय एवं तृतीय चरण की बुकिंग सात-सात दिन के अंतराल पर खोली जाएगी। प्रत्येक चरण तीन दिन का होगा। सोमवार से बुधवार तक ऑनलाइन बुकिंग होगी, बृहस्पतिवार को ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी। इसके बाद शुक्रवार से रविवार तक पुनः बुकिंग होगी तथा अगले सोमवार को ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी बुकिंग अवश्य कराएं, ताकि उन्हें अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनीकिट योजना का लाभ समय पर मिल सके।