उरई/जालौन | संवाददाता
कोंच स्थित कान्हा गौशाला का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के रख-रखाव, चारा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं पशु चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गौशाला में संरक्षित गोवंशों को अपने हाथों से गुड़ एवं चना भी खिलाया। उन्होंने कहा कि गोवंशों की सेवा एवं संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और गौशालाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गोवंश को समय पर हरा चारा, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने गौशाला परिसर की नियमित साफ-सफाई, गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बीमार एवं कमजोर गोवंशों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा उनका समयबद्ध एवं समुचित उपचार कराया जाए, जिससे उन्हें बेहतर देखभाल उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गौशाला के कर्मचारी उपस्थित रहे।