कानपुर देहात | संवाददाता
जिला विद्यालय निरीक्षक बृज भूषण चौधरी ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, संस्कृत, माध्यमिक एवं स्ववित्तपोषित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से दिव्यांगजनों के राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 के लिए पात्र अभ्यर्थियों के अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की वेबसाइट तथा राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन एवं नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के जरिए स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से अपील की कि पात्र दिव्यांगजन, शिक्षकों एवं अन्य योग्य व्यक्तियों को इस योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन कराए जाएं, ताकि जनपद के पात्र अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
साथ ही विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि इस संबंध में की गई कार्रवाई से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भी अवगत कराया जाए।