कानपुर देहात | संवाददाता
कानपुर देहात के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रण विजय सिंह ने जिला कारागार में निरुद्ध विचाराधीन बंदी की मृत्यु के मामले में न्यायिक जांच के आदेश जारी किए हैं। मामले की जांच के लिए विवेक चौधरी, अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कोर्ट संख्या-2/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कानपुर देहात को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला कारागार प्रशासन द्वारा दी गई सूचना के अनुसार, विचाराधीन बंदी सुरेश उर्फ ठाकुर (58), पुत्र रामदास, निवासी टिकवापुर, थाना सजेती, जनपद कानपुर नगर की उपचार के दौरान 22 मई 2026 को रात लगभग 10:11 बजे एलएलआर चिकित्सालय, कानपुर नगर में मृत्यु हो गई थी।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत मामले की न्यायिक जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि प्रकरण की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच पूरी कर 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करें।
न्यायिक जांच का उद्देश्य बंदी की मृत्यु से संबंधित सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की निष्पक्ष पड़ताल कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना है।