सेवानिवृत्त होमगार्ड जवानों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित

उरई/जालौन | संवाददाता

उरई स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जून-2026 में सेवानिवृत्त हुए 11 होमगार्ड जवानों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह तथा जिला कमांडेंट होमगार्ड्स राजेश कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त जवानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि होमगार्ड जवानों ने अपने सेवाकाल के दौरान निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ जनपद एवं विभाग की सेवा की है। उन्होंने जिला कमांडेंट द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि होमगार्ड जवान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त जवानों से अपेक्षा की कि वे भविष्य में भी एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज, पुलिस एवं जिला प्रशासन को अपना सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने कहा, “वर्दीधारी जवान कभी रिटायर्ड नहीं होता, केवल सेवा से सेवानिवृत्त होता है।”

जिला कमांडेंट होमगार्ड्स राजेश कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त जवानों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभाग के प्रति उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखा जाएगा। उन्होंने सभी जवानों के उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जनपद के वैतनिक एवं अवैतनिक होमगार्ड अधिकारी तथा बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *