विचाराधीन बंदी की मौत के मामले में न्यायिक जांच के आदेश

कानपुर देहात | संवाददाता

कानपुर देहात जिला कारागार में निरुद्ध एक विचाराधीन बंदी की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रण विजय सिंह ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कारागार प्रशासन की ओर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को भेजी गई सूचना में बताया गया कि विचाराधीन बंदी सुरेश उर्फ ठाकुर (58), पुत्र रामदास, निवासी टिकवापुर, थाना सजेती, जनपद कानपुर नगर की उपचार के दौरान 22 मई 2026 को रात लगभग 10:11 बजे एलएलआर चिकित्सालय, कानपुर नगर में मृत्यु हो गई।

इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने विवेक चौधरी, अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कोर्ट संख्या-2/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कानपुर देहात को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करें।

न्यायिक जांच का उद्देश्य बंदी की मृत्यु के कारणों एवं उससे संबंधित परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *