जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाएं रोकने पर जोर, ब्लैक स्पॉट सुधार और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती के निर्देश

स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच, अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर भी दिया गया जोर

कानपुर देहात | संवाददाता

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर रोड साइनेज, रम्बल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक एवं अन्य सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर स्थापित किए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

जिलाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन एवं पुलिस विभाग को नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने तथा स्कूल वाहनों की फिटनेस, वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, चरित्र सत्यापन एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश भी दिए, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

बैठक में अकबरपुर-माती मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमित अभियान चलाकर हटाने तथा अवैध रूप से संचालित ऑटो एवं टैक्सी स्टैंडों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऑटो एवं टैक्सी वाहनों का संचालन केवल निर्धारित एवं चिन्हित स्थानों से ही कराया जाए, जिससे यातायात बाधित न हो।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि जनपद में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। साथ ही प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को हाईवे किनारे स्थित नालों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, साइनेज एवं रिफ्लेक्टर की व्यवस्था मजबूत करने तथा निर्माणाधीन सड़कों पर आवश्यक सुरक्षा संकेतक एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *