संवाददाता, कानपुर देहात
श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना था।
इसी क्रम में दिनांक 28 जून 2026 को रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक यातायात पुलिस, थाना पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न, नम्बर प्लेट तथा अन्य आवश्यक मानकों की जांच की गई। साथ ही, ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की गई।
विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 184 वाहनों का चालान किया गया तथा उल्लंघनकर्ताओं से कुल 16 लाख 50 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक एवं विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का सदैव पालन करें।