संवाददाता, कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 27 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
पुलिस टीमों द्वारा सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु यह जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त एवं सुरक्षित महसूस कराना तथा अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण में सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।