आज से प्रारंभ होगा पल्स पोलियो अभियान, 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

संवाददाता, कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अकबरपुर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूक करते हुए 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एल. वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आशीष वाजपेयी, चिकित्सा अधीक्षक अकबरपुर डॉ. आई.एच. खान, जिला कोल्ड चेन प्रभारी अवधेश कुमार, आईओ नरेंद्र कुमार, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक जयेन्द्र सिंह, बीपीएम संदीप राजपूत, एफएम राजेश त्रिपाठी सहित ब्लॉक की समस्त आशा, आशा संगिनी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 28 जून 2026 (रविवार) को 892 पल्स पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके उपरांत 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।

उन्होंने बताया कि जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2 लाख 79 हजार बच्चों को इस अभियान के अंतर्गत पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अपने निकटतम पल्स पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा घर-घर आने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें, जिससे जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के इस महत्वपूर्ण अभियान को पूर्ण सफलता मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *