संवाददाता, कानपुर देहात
पोल्ट्री क्षेत्र के समग्र विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता एवं सतत प्रगति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कानपुर मंडल में दो दिवसीय मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार ने बताया कि उप निदेशक-।।, पशुपालन विभाग, कानपुर मंडल, कानपुर डॉ. विश्वेश्वर चन्द्रपाल के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह पोल्ट्री कॉन्क्लेव 29 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री भवन के सभागार में आयोजित होगा।
पशुपालन विभाग के अनुसार, इस कॉन्क्लेव में पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े किसान, उद्यमी, वित्तीय संस्थान, सहयोगी संगठन तथा पोल्ट्री उपकरण, फीड एवं दवा निर्माण से संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य पोल्ट्री क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, नवीन प्रबंधन पद्धतियों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे इस क्षेत्र से जुड़े लोगों को अधिक लाभ मिल सके।
कॉन्क्लेव के दौरान विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। प्रमुख विषयों में आधुनिक ब्रूड प्रबंधन एवं ऑटोमेशन, बायो-सिक्योरिटी एवं रोग नियंत्रण, फीड एवं पोषण प्रबंधन, सरकारी योजनाएं एवं सब्सिडी, तथा मार्केट लिंकिंग एवं वैल्यू एडिशन शामिल हैं।
पशुपालन विभाग ने पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े सभी किसानों, उद्यमियों एवं हितधारकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि वे नवीनतम तकनीकी जानकारियों एवं सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
पोल्ट्री कॉन्क्लेव से संबंधित अधिक जानकारी एवं निःशुल्क पंजीकरण के लिए इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 8765306283 एवं 8299492395 पर संपर्क कर सकते हैं।