संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में उपखनिज के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध शासन की मंशा के अनुरूप सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में संचालित विशेष अभियान के तहत दिनांक 24 जून 2026 को एक व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत निदेशालय लखनऊ की टीम, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कानपुर देहात तथा खान अधिकारी कानपुर देहात द्वारा संयुक्त रूप से कानपुर-झांसी राजमार्ग पर सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस दौरान उपखनिज (मौरम) के अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान बिना वैध परिवहन प्रपत्र के मौरम का परिवहन करते पाए गए कुल 26 वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 19,49,730 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त, गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 15 वाहनों को थाना भोगनीपुर में सीज कर उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में उपखनिज के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी प्रभावी रूप से संचालित किए जाते रहेंगे।