संवाददाता, कानपुर देहात
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपमा कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उप महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन, माती, कानपुर देहात में जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करना था।
बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, जनशिकायतों के निस्तारण एवं जनसुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रेनुका सचान, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं, जनअपेक्षाओं एवं सुझावों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, महिला एवं कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष बल दिया।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाया जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हो सके।