अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने की अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक

संवाददाता, कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिसिंग व्यवस्था की प्रभावशीलता की समीक्षा हेतु अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपमा कुलश्रेष्ठ द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

समीक्षा गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने जनपद में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर एवं गुंडा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा जनशिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत अभियान चलाकर आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को सक्रिय, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी कार्यशैली अपनाने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *