सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता, कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 24 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक रूप से जागरूक किया गया।

इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अभियान के दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) की जानकारी भी दी गई।

इसके अतिरिक्त, महिलाओं एवं बालिकाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर बढ़ रहे साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी भी प्रदान की गई।

अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया, जिसमें POCSO Act, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी शामिल रही।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी रूप से लागू करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सभी के सहयोग से एक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *