संवाददाता, कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद में अवैध रूप से संचालित शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में दिनांक 23.06.2026 को कस्बा झींझक (थाना मंगलपुर) क्षेत्र में एक वृहद चेकिंग अभियान संचालित किया गया। यह अभियान उप जिलाधिकारी डेरापुर एवं क्षेत्राधिकारी डेरापुर श्री धर्मेन्द्र कुमार सिंह द्वारा थाना मंगलपुर पुलिस के सहयोग से चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम द्वारा झींझक क्षेत्र में बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहे विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों, सुरक्षा मानकों की अनदेखी एवं अवैध संचालन के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए 02 अवैध लाइब्रेरी/आईटी सेंटरों को सील (Seal) कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त अन्य संस्थानों के संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए विधिक नोटिस तामील कराए गए हैं। प्रशासनिक टीम द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कोचिंग एवं लाइब्रेरी संचालक शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस एवं वैध मानकों के अनुरूप ही अपने संस्थानों का संचालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।