अवैध खनन, परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया

संवाददाता, कानपुर देहात

कानपुर देहात। जनपद में उपखनिज के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण हेतु निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म तथा जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशन में विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 22 जून 2026 की रात्रि में निदेशालय, लखनऊ की टीम एवं जिला खान अधिकारी सुभाष सिंह द्वारा संयुक्त रूप से कानपुर-झांसी राजमार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों की जांच की गई। जांच में बिना वैध परिवहन प्रपत्र के मौरम से लदे 04 वाहन तथा गिट्टी से लदा 01 वाहन अवैध रूप से संचालित पाया गया। संबंधित वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान की कार्यवाही करते हुए कुल ₹3,10,100 (तीन लाख दस हजार एक सौ रुपये मात्र) का जुर्माना अधिरोपित किया गया, जिसे मौके पर ही राजकोष में जमा कराया गया।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने संबंधित वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि उपखनिज के परिवहन में निर्धारित नियमों एवं वैध प्रपत्रों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा ओवरलोडिंग से बचें, जिससे सुरक्षित एवं वैधानिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *