उरई/जालौन। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी)-2026 रविवार को जनपद के पांच निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं निगरानी के प्रबंध किए गए थे।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 1,677 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,536 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 141 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा एकल पाली में दोपहर 2 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित की गई।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पूर्व सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया गया। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही तथा प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर बनी रही।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों की लगातार निगरानी की गई, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए विशेष पुलिस व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एवं अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयासों से नीट (यूजी)-2026 परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुरक्षित माहौल में परीक्षा देने का अवसर प्राप्त हुआ।