उरई/जालौन। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद जालौन योगमय वातावरण में सराबोर नजर आया। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” के तहत पुलिस लाइन उरई में आयोजित मुख्य जनपदीय कार्यक्रम सहित ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम में गोसेवा आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल, उत्तर प्रदेश शासन के सचिव कृषि एवं जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि महेश कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज भारत की सीमाओं से निकलकर विश्व की जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है। योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर को निरोग, मन को शांत एवं विचारों को सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि एवं नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक पहचान एवं आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। वर्तमान समय की जीवनशैली संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ, संतुलित एवं दीर्घायु जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है। प्रधानमंत्री द्वारा योग को वैश्विक पहचान दिलाकर भारत की गौरवशाली परंपरा को विश्व मंच पर स्थापित किया गया है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद जालौन ने योग के प्रति अपनी जागरूकता एवं प्रतिबद्धता का ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन उरई के मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 9 लाख लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जालौन, स्वस्थ उत्तर प्रदेश एवं स्वस्थ भारत का संदेश दिया है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन एवं मानसिक दृढ़ता का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता, एकाग्रता एवं निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे व्यक्ति अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। जनपदभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला समूहों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का यह आयोजन जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक एकजुटता, अनुशासन एवं जनसहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।