गंगा ग्राम जलालपुर में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिला गंगा समिति के तत्वावधान में हुआ योग शिविर, योग एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

कानपुर देहात। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकास खण्ड संदलपुर के गंगा ग्राम जलालपुर में जिला गंगा समिति कानपुर देहात द्वारा भव्य एवं जनसहभागिता आधारित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला गंगा समिति के नोडल अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशन, प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला के मार्गदर्शन तथा जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अविनाश सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात योग मंत्र के साथ योग सत्र का शुभारंभ हुआ।

योग प्रशिक्षक मोहम्मद मारूफ ने उपस्थित जनसमुदाय को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, मकरासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन तथा शवासन सहित कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षक ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।

मुख्य अतिथि एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज सम्पूर्ण विश्व ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित, अनुशासित एवं तनावमुक्त जीवन जीने की कला है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा रागिनी भदौरिया ने कहा कि योग महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए समान रूप से लाभकारी है तथा स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि योगेंद्र पाल ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग मानसिक शांति एवं शारीरिक सुदृढ़ता का प्रभावी माध्यम है।

योग कार्यक्रम के उपरांत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश देने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा फलदार पौधों का पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में एनजीओ अलंकृत जनकल्याण फाउंडेशन एवं वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए योग, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य परवेज कटियार, ग्राम प्रधान निधि कटियार, ग्राम गंगा समिति अध्यक्ष विनोद कटियार, सहकारिता समिति अध्यक्ष नरेश सेंगर, समाजसेविका वंदना सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *