विश्व योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस पर योग और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, समर कैम्प का हुआ समापन

कानपुर देहात। विश्व योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के लिए योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, रचनात्मक सोच एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन का संदेश दिया, वहीं संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक समृद्धि का परिचय दिया। पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

इस अवसर पर पिछले एक माह से संचालित समर कैम्प का भी समापन किया गया। समर कैम्प के दौरान बच्चों को आर्ट एंड क्राफ्ट, योग, जुम्बा डांस, संगीत तथा अन्य रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सृजनात्मक सोच के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।

समर कैम्प में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए वामा सारथी अध्यक्षा श्रीमती अर्चना सिरोही एवं क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर द्वारा उन्हें उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को योग, संगीत एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही स्वस्थ, सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *