कानपुर देहात। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर जनपद कानपुर देहात में “Yoga for Healthy Ageing” थीम पर जिला स्तरीय भव्य एवं गरिमामय योग कार्यक्रम का आयोजन इको पार्क, माती में किया गया। केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल रहे। वहीं प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं जनपद के नोडल अधिकारी शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, पूर्व विधायक विनोद कटियार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, योग प्रशिक्षक, स्वयंसेवी संगठन एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के सजीव प्रसारण का सामूहिक अवलोकन किया गया। उनके संदेशों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूत किया।
इसके उपरांत प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कर योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त की।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रमुख सचिव एवं नोडल अधिकारी शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। वहीं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास अनेक बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में योग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले योग प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इको पार्क परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। राज्य मंत्री, नोडल अधिकारी एवं जिलाधिकारी ने पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के संरक्षण का संदेश दिया।
जिले की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पुलिस लाइन एवं अन्य शासकीय कार्यालयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।