संवाददाता | उरई/जालौन
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद जालौन में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योग दिवस को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकें।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” निर्धारित की गई है। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को पुलिस लाइन, उरई में आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत भवनों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, अमृत सरोवरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रधानमंत्री के योग संबंधी संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक ग्राम पंचायत तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रमों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं प्रचार-प्रसार की समुचित व्यवस्था करने तथा सभी गतिविधियों का समयबद्ध पंजीकरण और रिपोर्टिंग योग संगम पोर्टल पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योग दिवस को सफल, प्रभावी और ऐतिहासिक बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।