संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से 20 जून 2026 को विभिन्न तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाता है, जिसमें जनसमस्याओं के समाधान के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार 20 जून को तहसील सिकन्दरा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह करेंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे तथा जनता की शिकायतों एवं समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश देंगे।
इसके अतिरिक्त तहसील अकबरपुर में मुख्य विकास अधिकारी, तहसील भोगनीपुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा तहसील डेरापुर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। इन तहसीलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें तथा शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों ने बताया कि यदि निर्धारित तिथि को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है तो सम्पूर्ण समाधान दिवस अगले कार्यदिवस में आयोजित किया जाएगा।