प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रसूलाबाद में जनकल्याण स्वास्थ्य शिविर आयोजित विधायक पूनम शंखवार ने किया शुभारंभ, आयुष्मान कार्ड, टीबी पोषण पोटली एवं स्वास्थ्य किट वितरित

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात के विकासखंड रसूलाबाद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” अभियान के तहत जनकल्याण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं क्रियान्वयन खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक पूनम शंखवार एवं विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अक्षय द्विवेदी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक पूनम शंखवार ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है, जिससे प्रत्येक वर्ग का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

विशिष्ट अतिथि अक्षय द्विवेदी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही उनके वास्तविक उद्देश्य को पूरा करता है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और सक्रियता के साथ पहुंचाया जाए।

शिविर में उपस्थित नागरिकों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक नागरिक ही सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकता है।

इस दौरान विधायक पूनम शंखवार एवं अक्षय द्विवेदी ने टीबी रोगी करुनेन्द्र कुमार एवं नरेंद्र को टीबी पोषण पोटली प्रदान की। साथ ही छह फाइलेरिया रोगियों को स्वास्थ्य किट वितरित की गई। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराया गया।

स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम का समापन “स्वस्थ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *