विकासखंड अकबरपुर में जनकल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ थीम आधारित जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान के अंतर्गत विकासखंड अकबरपुर में जनकल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता मुख्य अतिथि एवं राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने की।

शिविर में आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें योजनाओं की प्रगति एवं जनहित में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।

इस दौरान राज्य मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को प्रदान की गई। पात्र व्यक्तियों के आवेदन एवं आवश्यक औपचारिकताएं भी मौके पर पूरी कराई गईं।

अपने संबोधन में राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की जनकल्याणकारी उपलब्धियों, राज्य सरकार के विकासपरक कार्यक्रमों एवं जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर माननीय जनप्रतिनिधिगण, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *