रसूलाबाद ब्लॉक में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा सोमवार 15 जून 2026 को विकास खंड रसूलाबाद परिसर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेरोजगार एवं शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रसूलाबाद विधायक पूनम शंखवार एवं विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख राधा दुबे ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को उद्योग स्थापना एवं रोजगार सृजन से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना तथा टूलकिट वितरण योजना सहित अन्य स्वरोजगार योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों को अवगत कराया।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री, खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिभागियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी और योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक अंकिता, अनुदेशक (चर्म) राकेश कुमार गुप्ता, आरसेटी फैकल्टी निखिल मिश्रा, शिवम शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, ग्रामीण एवं युवक-युवतियां उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *