संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 263 वाहनों का चालान किया गया तथा ₹21.35 लाख का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया गया। अभियान के तहत मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई।
13 जून 2026 को रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर साइलेंसर, हॉर्न एवं नम्बर प्लेट की जांच की तथा ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की जांच की।
नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करें।