मोबाइल की रोशनी में जुआ खेल रहे 10 जुआरी गिरफ्तार थाना शिवली पुलिस की कार्रवाई, ₹58,400 नकद, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल बरामद

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र में मोबाइल की रोशनी में जुआ खेल रहे 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना शिवली पुलिस टीम ने चौकी बाघपुर क्षेत्र के ग्राम लुधौरा के आगे जंगल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 09 जून 2026 की रात लगभग 9:50 बजे दस लोगों को मोबाइल की रोशनी में जुआ खेलते हुए हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फड़ पर रखे ₹54,200 तथा जामा तलाशी से ₹4,200 सहित कुल ₹58,400 नकद, 52 ताश के पत्ते, ₹1,000 का एक पुराना नोट, प्लास्टिक के बोरे से बना फड़, सात मोबाइल फोन एवं पांच मोटरसाइकिल बरामद कीं।

बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना शिवली में मुकदमा अपराध संख्या 206/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कानपुर नगर एवं कानपुर देहात जनपद के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने कहा कि जनपद में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *