दहेज हत्या मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार थाना मंगलपुर पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी को दबोचकर न्यायालय भेजा गया

संवाददाता | कानपुर देहात

महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में वांछित मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। पुलिस द्वारा अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 08 जून 2026 को थाना मंगलपुर में एक वादी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पुत्री के ससुराल पक्ष के लोग विवाह में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया वाहन एवं 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता के साथ गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

शिकायत के अनुसार पीड़िता ने फोन पर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पिता उसे लेने के लिए ससुराल पहुंचे। आरोप है कि वहां भी उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद 07 जून 2026 को पीड़िता की गला दबाकर हत्या कर दी गई।

मामले में थाना मंगलपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में कुल नौ नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मोहित पुत्र स्वर्गीय राम किशोर निवासी सबलपुर सौरापुर, थाना मंगलपुर, जनपद कानपुर देहात को सैय्यद बाबा मजार के पास बंबा पुलिया, औरंगाबाद रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट, धमकी एवं अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमलेश यादव, आरक्षी सोनू कुमार एवं आरक्षी कृष्ण अवतार की टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *