संवाददाता | कानपुर देहात
मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मविश्वास, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता भी बताई गई।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 की जानकारी साझा करते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।
कानपुर देहात पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करना तथा समाज में उनके प्रति सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है। पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।