सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में जालौन विकास कार्यों में अव्वल, प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान उत्कृष्ट क्रियान्वयन, पारदर्शी प्रशासन और जनभागीदारी से जालौन ने कायम की नई पहचान

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन में जनपद जालौन ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की मासिक रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विकास कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जनपद ने सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

जनपद लगातार कई महीनों से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की टॉप-10 रैंकिंग में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। यह सफलता विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, राजस्व कार्यों में प्रगति तथा बेहतर प्रशासनिक समन्वय का परिणाम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण मूल्यांकन तंत्र है, जिसके माध्यम से विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, शिकायत निस्तारण, राजस्व वसूली तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाती है। ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में जालौन का प्रथम स्थान प्राप्त करना प्रशासनिक दक्षता, जवाबदेही और टीम भावना का प्रतीक माना जा रहा है।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम के समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम प्रदेश स्तर की रैंकिंग में दिखाई दिया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस उपलब्धि में जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, नागरिकों के सहयोग तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी विभागों को इसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए भविष्य में भी जनपद को प्रदेश की शीर्ष श्रेणी में बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना ही जिला प्रशासन की कार्यशैली का आधार है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में प्राप्त यह प्रथम स्थान जनपद के विकास की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों की पुष्टि करता है और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए नई प्रेरणा प्रदान करता है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि का श्रेय मंडलायुक्त के सतत मार्गदर्शन, समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा जनसामान्य के विश्वास को देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जालौन विकास की नई ऊंचाइयों को निरंतर छूता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *