संवाददाता | उरई/जालौन
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नकल अथवा अव्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है।
प्रशासन एवं पुलिस की कड़ी निगरानी में जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है।