पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध जिला निर्वाचन कार्यालय, विकास खंड कार्यालय एवं ग्राम पंचायतों में देखी जा सकेगी मतदाता सूची

संवाददाता | कानपुर देहात

अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) कानपुर देहात ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की संशोधित अधिसूचना के निर्देशानुसार पंचायत निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन आज दिनांक 10 जून 2026 को कर दिया गया है।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित पंचायत निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय, अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, संबंधित विकास खंड कार्यालयों एवं जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने बताया कि 10 जून 2026 से पंचायत निर्वाचक नामावली का निःशुल्क निरीक्षण उपरोक्त सभी स्थानों पर किया जा सकता है। आम नागरिक अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन निर्धारित कार्यालयों में जाकर आसानी से कर सकते हैं।

प्रशासन ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे पंचायत निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर अपने विवरणों की पुष्टि करें, जिससे भविष्य में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *