विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, नगर वाटिका नबीपुर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर

संवाददाता | कानपुर देहात

विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम के तहत जनपद कानपुर देहात में व्यापक जनजागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम नगर पंचायत अकबरपुर स्थित नगर वाटिका नबीपुर में आयोजित हुआ, जहां “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद तथा विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक पूनम संखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने अपने संबोधन में पेड़-पौधों, वन्यजीवों, नदियों एवं तालाबों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए सभी विभागों को पौधों की जियो टैगिंग एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने विगत वर्षों में किए गए वृक्षारोपण की जीवितता की समीक्षा करने तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया। उन्होंने रनियां स्थित औद्योगिक इकाइयों से पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड उपलब्ध कराने की अपील भी की।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने नगर वाटिका नबीपुर के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ इसे पर्यटन एवं पिकनिक स्थल के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया। विधायक पूनम संखवार ने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी ने भी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर हर परिवार को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेशभर में पांच करोड़ पौधारोपण अभियान चलाया गया है। जनपद कानपुर देहात में वन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा 6.54 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आगामी वर्षाकाल में 50.29 लाख पौधरोपण एवं बीजरोपण का लक्ष्य भी साझा किया।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के कम उपयोग तथा वन अपराधों की रोकथाम में पुलिस-वन विभाग के समन्वय पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान महोगनी प्रजाति के पौधों का सामूहिक रोपण किया गया तथा स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने नगर वाटिका नबीपुर का निरीक्षण कर पौधों की देखभाल, सिंचाई व्यवस्था, स्वच्छता एवं हरित क्षेत्र के संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समापन अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पाण्डेय ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों, शिक्षकों, पुलिस एवं वन कर्मियों सहित उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *