संवाददाता | कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पुलिस कार्यालय परिसर में प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में आधुनिक पुलिस सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
प्रस्तावित निर्माण कार्यों के अंतर्गत स्टोर, कंट्रोल रूम, आईजीआरएस कक्ष, डीसीआरबी सेल, महिला सेल तथा आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम का निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से पुलिस कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित, तकनीक आधारित एवं जनोन्मुखी बनेगी।
भूमि पूजन के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि नए कंट्रोल रूम के माध्यम से आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाया जाएगा। वहीं आईजीआरएस एवं डीसीआरबी सेल के सुदृढ़ होने से जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा अपराध संबंधी अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि महिला सेल के विस्तार से महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित मामलों का अधिक संवेदनशीलता, गोपनीयता एवं दक्षता के साथ निस्तारण किया जा सकेगा। इसके अलावा आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम के निर्माण से विभागीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं समन्वय गतिविधियां बेहतर ढंग से संचालित हो सकेंगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन निर्माण कार्यों का उद्देश्य जनपद पुलिस को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित कर आमजन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।