जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज तहसील रसूलाबाद में होगा संपूर्ण समाधान दिवस प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले समाधान दिवस में अधिकारी सुनेंगे आमजन की समस्याएं

संवाददाता | कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से आज 06 जून 2026 को तहसील रसूलाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं जिलाधिकारी करेंगे, जिसमें पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाता है। इस दौरान आमजन अपनी शिकायतें एवं समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं, जिनका समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है।

निर्धारित रोस्टर के अनुसार तहसील रसूलाबाद में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित होगा। वहीं तहसील सिकन्दरा में मुख्य विकास अधिकारी, तहसील अकबरपुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा तहसील भोगनीपुर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।

अन्य तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारी समाधान दिवस की अध्यक्षता करेंगे, जिनमें संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं तहसील स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए संपूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखें, जिससे उनका प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *